अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर डीडी कॉलेज ने बांटी शिक्षा की रोशनी

:- विद्यार्थियों ने अनाथालय में बच्चों को पुस्तकें, कॉपियां और स्टेशनरी वितरित कर शिक्षा के लिए किया प्रेरित

देहरादून, 8 सितंबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर डीडी कॉलेज, नींबूवाला देहरादून के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए तिलक रोड स्थित अनाथ आश्रम में पुस्तकें एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की। कॉलेज की ओर से जरूरतमंद बच्चों को पुस्तकें, कॉपियां, पेन-पेंसिल सहित अन्य शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराई गई।

डीडी कॉलेज लंबे समय से उच्चस्तरीय शिक्षा के साथ-साथ शिक्षणेतर गतिविधियों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद एवं पिछड़े वर्ग के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता आ रहा है। इसी भावना के तहत कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अपने स्तर पर पुस्तकें तथा अन्य उपयोगी शैक्षिक सामग्री एकत्रित की और उसे अनाथ आश्रम के बच्चों को प्रदान किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। कॉलेज की पहल का उद्देश्य ऐसे बच्चों की शैक्षिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग करना है, जो आर्थिक अभाव के कारण आवश्यक पुस्तकें और स्टेशनरी सामग्री नहीं जुटा पाते।

डीडी कॉलेज का यह प्रयास न केवल जरूरतमंद बच्चों के लिए मददगार साबित हुआ, बल्कि विद्यार्थियों में भी समाज के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *