सेलाकुई में विशाल बहुउद्देशीय शिविर, 500 से अधिक लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

: –  482 मरीजों को बांटी गईं नि:शुल्क दवाइयां, 60 लोगों की हुई नेत्र जांच; दिव्यांग प्रमाण पत्र भी किए गए वितरित

देहरादून, 6 सितंबर 2026। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से सेलाकुई में एक दिवसीय विशाल बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जय कम्युनिटी सेंटर एवं पीएम श्री शहीद सत्येंद्र चौहान अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित शिविर में स्थानीय नागरिकों को एक ही स्थान पर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण और विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में दोपहर तक ही 502 से अधिक ओपीडी पंजीकरण दर्ज किए गए।

शिविर के मुख्य अतिथि उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं वरिष्ठ न्यायाधीश ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

विभिन्न अस्पतालों की विशेषज्ञ टीमों ने की स्वास्थ्य जांच

शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेलाकुई की टीम ने 222 मरीजों, सीमा डेंटल अस्पताल की टीम ने 160 तथा ग्राफिक एरा अस्पताल की टीम ने 120 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीबी जांच के लिए मोबाइल वैन के माध्यम से 66 एक्स-रे किए गए, जबकि 42 लोगों के पैथोलॉजी ब्लड टेस्ट किए गए। इसके अलावा 70 लोगों की गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) के लिए जांच की गई और 20 मरीजों की एनपीसीडीसीएस जांच हुई।

शिविर में 482 मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

60 लोगों की नेत्र जांच, 17 को मिले नि:शुल्क चश्मे

विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के तहत नेत्र जांच विभाग ने 60 लोगों की आंखों की स्क्रीनिंग की, जिनमें से 17 पात्र लोगों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। एनआईईपीवीडी की टीम ने 13, ईएनटी विशेषज्ञ ने 27, फिजिशियन ने 15 तथा अस्थिरोग एवं फिजियोथेरेपिस्ट ने 32 मरीजों को परामर्श दिया।

दिव्यांगता प्रमाण पत्र से लेकर मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग तक

दिव्यांगता शिविर में 24 लोगों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 5 पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं 11 लोगों को मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग तथा 20 लोगों को तंबाकू नियंत्रण संबंधी परामर्श दिया गया।

मातृ एवं शिशु कल्याण सेवाओं के तहत 5 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। 5 महिलाओं को परिवार नियोजन संबंधी परामर्श दिया गया तथा 6 महिलाओं को आयरन-फॉलिक एसिड सिरप वितरित किया गया।

बच्चों की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण

बच्चों के टीकाकरण अभियान के तहत एचपीवी, एमआर और डीपीटी सहित कुल 6 बच्चों का टीकाकरण किया गया। किशोरावस्था एवं बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 91 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी शिविर में उपलब्ध रही और 4 नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, डॉ. सचिन, बीपीएम अभिषेक रावत सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी एवं आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
………………………………………………………….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *