:- प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति से भाजपा ने प्रदेश प्रवक्ताओं की टीम का किया विस्तार, अनुकृति समेत आठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी
देहरादून। उत्तराखंड भाजपा संगठन ने पार्टी की मीडिया और संचार व्यवस्था को मजबूत करते हुए अनुकृति गुसाईं रावत को प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद भाजपा ने प्रदेश प्रवक्ताओं की टीम का विस्तार किया है। मंगलवार को पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी कुंदन परिहार ने नई सूची जारी कर नियुक्तियों की घोषणा की।
अनुकृति गुसाईं रावत के प्रदेश प्रवक्ता बनने को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है। अब वह विभिन्न मीडिया मंचों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाजपा की नीतियों, सरकार के कार्यों और संगठन के पक्ष को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखने की भूमिका निभाएंगी। वह उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्रवधू हैं। वह फेमिना मिस इंडिया ग्रैंड इंटरनेशनल 2017 की विजेता रह चुकी हैं। मिस सुपरटैलेंट ऑफ द वर्ल्ड 2014 (मिस एशिया पैसिफिक वर्ल्ड) में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया और चौथी रनर-अप रहीं। फेमिना मिस इंडिया दिल्ली 2013 की वह विजेता रहीं और मुख्य मिस इंडिया 2013 प्रतियोगिता में टॉप 5 फाइनलिस्ट में शामिल हुईं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से की थी। साल 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में उन्होंने लैंसडाउन सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन भाजपा के दलीप सिंह रावत से चुनाव हार गईं। मार्च 2024 में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और अप्रैल 2024 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं।
भाजपा की ओर से जारी सूची में अनुकृति गुसाईं रावत के साथ रविंद्र जुगरान, राजेश शुक्ला, सुरेश तिवारी, शादाब शम्स, विश्वजीत नेगी, सत्यवीर चौहान और मनोज जखमोला को भी प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नई टीम के विस्तार से भाजपा की मीडिया रणनीति और संवाद व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। प्रदेश प्रवक्ताओं के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों, पार्टी की नीतियों और संगठन के दृष्टिकोण को विभिन्न मंचों पर प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।