बछेलीखाल पॉलीटेक्निक में क्लाउड कम्प्यूटिंग पर विशेषज्ञ व्याख्यान

 

डॉ. सतवीर ने विद्यार्थियों को बताए क्लाउड तकनीक के सेवा मॉडल, AWS और रोजगार के अवसर

 

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखण्ड राजकीय पॉलिटेक्निक, बछेलीखाल के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग की ओर से विद्यार्थियों के लिए “Cloud Computing, Career Opportunities in Cloud Computing” विषय पर कार्यशाला-सह-व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड सरकार के सहायक प्राध्यापक डॉ. सतवीर ने विद्यार्थियों को क्लाउड कम्प्यूटिंग की आधुनिक तकनीक और इसमें उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी।

 

डॉ. सतवीर वर्तमान में राजकीय व्यावसायिक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बनास (पैठाणी), पौड़ी गढ़वाल में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने व्याख्यान में क्लाउड कम्प्यूटिंग की मूलभूत अवधारणाओं के साथ इसके विभिन्न सेवा मॉडल IaaS, PaaS और SaaS के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने Amazon Web Services (AWS) सहित आधुनिक क्लाउड प्लेटफॉर्म तथा विभिन्न उद्योगों में इनके बढ़ते उपयोग पर भी प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में क्लाउड कम्प्यूटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), मशीन लर्निंग और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्र युवाओं के लिए रोजगार एवं शोध की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नई तकनीकों का निरंतर अध्ययन करने, तकनीकी कौशल विकसित करने और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

 

शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में भी व्यापक अनुभव

 

डॉ. सतवीर के पास शिक्षण, शोध, शैक्षणिक प्रशासन एवं गुणवत्ता आश्वासन के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। उन्होंने प्रतिष्ठित SCI, Scopus एवं Web of Science सूचीबद्ध शोध पत्रिकाओं में 25 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए हैं।

 

डॉ. सतवीर तीन पीएच.डी. शोधार्थियों का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन कर चुके हैं तथा अनेक स्नातकोत्तर शोध परियोजनाओं का निर्देशन भी किया है। उन्होंने IQAC एवं NAAC संबंधी गतिविधियों के समन्वयक के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

 

विद्यार्थियों ने पूछे करियर से जुड़े सवाल

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने क्लाउड कम्प्यूटिंग और इससे जुड़े करियर अवसरों को लेकर विभिन्न प्रश्न पूछे। डॉ. सतवीर ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया। उनका व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा। विद्यार्थियों ने कहा कि विशेषज्ञ व्याख्यान से उन्हें तकनीकी क्षेत्र में अपने भविष्य को लेकर नई जानकारी और दिशा मिली।

 

संस्था प्रधानाचार्या श्रीमती नर्मदा सिंह ने डॉ. सतवीर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, नवाचार क्षमता और करियर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में संस्था के समस्त अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *