‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का बोर्ड लगाकर दबदबा बनाने वाला गैंग लीडर गिरफ्तार, गैंगस्टर एक्ट में 3 आरोपी सलाखों के पीछे
:- भूमि व पारिवारिक विवादों में दखल, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग के आरोप; गैंग के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज
देहरादून/ऋषिकेश। संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में कथित रूप से लिप्त थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों, विशेषकर संगठित अपराध में शामिल आरोपियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में ऋषिकेश पुलिस ने जगजीत उर्फ जग्गा और उसके साथियों के खिलाफ गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में एक संगठित गिरोह संचालित कर रहा था। आरोप है कि गिरोह भूमि एवं पारिवारिक विवादों में पक्षकारों पर दबाव बनाता था और विवादों को जबरन अपने तरीके से सुलझाने का प्रयास करता था। लोगों की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग व कथित अवैध वसूली, घरों में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी जैसी गतिविधियों के भी आरोप पुलिस ने लगाए हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह ने क्षेत्र में भय का माहौल बना रखा था, जिसके चलते स्थानीय लोग इनके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे। वर्ष 2016 से 2026 के बीच गैंग लीडर और उसके सदस्यों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों में कुल 11 अभियोग दर्ज होने की बात सामने आई है।
जांच के बाद सक्षम न्यायालय से अनुमोदन प्राप्त होने पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 405/2026 के तहत गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी रवि गुप्ता की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
घर से मिला ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का बोर्ड
गिरफ्तार गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा बोर्ड बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस बोर्ड के जरिए अपना दबदबा और प्रभाव प्रदर्शित करता था।
गिरफ्तार आरोपी
जगजीत उर्फ जग्गा, निवासी मायाकुंड, चंद्रेश्वर मार्ग, ऋषिकेश, उम्र 39 वर्ष — गैंग लीडर
प्रणव उर्फ राघव बत्रा, निवासी सोमेश्वर नगर, ऋषिकेश, उम्र 20 वर्ष — गैंग सदस्य
दीपेश कुमार, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल क्षेत्र, ऋषिकेश, उम्र 27 वर्ष — गैंग सदस्य
वांछित आरोपी
रवि गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश।
11 मुकदमों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गैंग लीडर व गिरोह से जुड़े आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 के बीच विभिन्न धाराओं में कुल 11 अभियोग पंजीकृत हैं। इनमें मारपीट, धमकी, ब्लैकमेलिंग सहित अन्य गंभीर आपराधिक धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस टीम
कार्रवाई में निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, निरीक्षक राकेश गुसाईं, व0उ0नि0 नवीन जोशी, उपनिरीक्षक देवेंद्र पंवार, जगमोहन सिंह, विकसित पंवार, बिनेश कुमार, राजनारायण, हेड कांस्टेबल संदीप राठी, हेड कांस्टेबल राकेश पंवार और कांस्टेबल तेजपाल सिंह शामिल रहे।