श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिवस धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंजा कथा पंडाल, भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान

कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल। ग्राम रानीहाट ब्राह्मण गाँव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिवस भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ जन्मोत्सव की खुशी मनाई।

कथा व्यास पूज्य आचार्य श्री नरेश बड़ूनी जी ने भगवान श्रीकृष्ण के अवतार की महिमा एवं उनके जीवन-दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार धर्म की स्थापना, अधर्म के विनाश तथा मानव समाज को सत्य, प्रेम, सेवा और सदाचार का मार्ग दिखाने के लिए हुआ। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान कथा स्थल पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने कथा में सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी सहित मनोज कुमार जोशी, अरुण देव जोशी, सुबोध जोशी, डॉ. सुधीर जोशी, हरि प्रसाद जोशी, विकास जोशी, सुनीता रतूड़ी, राजी जोशी, नमिता जोशी, मीनू जोशी, सीमा जोशी, संजय नौटियाल एवं ज्योति नौटियाल सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर समिति के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भी कथा में सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी कथा कार्यक्रमों में भी अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *