:- तरसाली के पास दुर्घटना के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में फाटा और बड़ासू के मध्य तरसाली के समीप गुरुवार देर शाम एक डम्पर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र, रुद्रप्रयाग ने तत्काल एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस एवं 108 एम्बुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया, जिसके बाद संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को सायं 08:43 बजे SECO/कॉलर मोबाइल नंबर 9631230467 से सूचना प्राप्त हुई कि डम्पर फाटा एवं बड़ासू के मध्य तरसाली के समीप गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।
रेस्क्यू दल द्वारा उपलब्ध कराई गई अद्यतन जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त डम्पर में कुल दो व्यक्ति सवार थे। संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान एक व्यक्ति का शव बरामद कर सड़क तक पहुंचा दिया गया, जबकि दूसरे व्यक्ति के शव का स्थान चिन्हित कर लिया गया है तथा उसे निकालने की कार्रवाई जारी है।
मृतकों का विवरण इस प्रकार है—
संजय राणा, आयु लगभग 45 वर्ष — शव बरामद।
मोहन — शव का स्थान चिन्हित, निकासी कार्य प्रगति पर।
घटनास्थल पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा रेस्क्यू अभियान लगातार संचालित किया गया।