:- अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी बोले— हर व्यक्ति एक पौधा लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए
देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, देहरादून के कुंआवाला स्थित सीआईएमएस कैंपस में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति में हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, हरियाली, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने हरेला पर्व की पारंपरिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इस पर्व से नौ दिन पहले पांच या सात प्रकार के अनाज रिंगाल अथवा पत्तों की टोकरियों में बोए जाते हैं। नियमित सिंचाई के बाद दसवें दिन पूजा-अर्चना कर हरेले को देवताओं को अर्पित किया जाता है तथा परिवार के बड़े-बुजुर्ग इसे सदस्यों के सिर पर रखकर सुख, समृद्धि और दीर्घायु का आशीर्वाद देते हैं।
एडवोकेट जोशी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। यदि हर नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
उन्होंने संस्थान के छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने भी पौधरोपण को जन आंदोलन बनाने और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय जोशी, पर्यावरण प्रेमी मनमोहन सिंह, लोकगायक गणेश कांडपाल सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।