‘प्रेम तरु’ से हरित क्रांति की शुरुआत: पहले ही दिन उत्तराखंड में लगे 500 पौधे

:- सत्य साईं सेवा संगठन और 127 इन्फेंट्री बटालियन (टीए) ईसीओ (गढ़वाल ग्रीनर्स) का संयुक्त अभियान, 31 अगस्त तक चलेगा वृक्षारोपण व संरक्षण अभियान

देहरादून। जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते हरित क्षेत्र के बीच उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल शुरू हुई है। श्री सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड एवं 127 इन्फेंट्री बटालियन (टीए) ईसीओ (गढ़वाल ग्रीनर्स) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार से शुरू हुए ‘प्रेम तरु’ अभियान ने पहले ही दिन जनभागीदारी का प्रभावशाली उदाहरण प्रस्तुत किया। अभियान के तहत देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लगभग 500 फलदार, औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

गोरखा मिलिट्री स्कूल परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में आम, जामुन, नींबू, नीम, अशोक और बेलपत्र सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान की विशेषता केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया गया। आयोजकों ने स्पष्ट संदेश दिया कि “पौधा लगाना शुरुआत है, उसे वृक्ष बनाना ही सच्ची सेवा है।”

मुख्य अतिथि कर्नल प्रत्युल थपलियाल, कमांडिंग ऑफिसर, 127 इन्फेंट्री बटालियन (टीए) ईसीओ (गढ़वाल ग्रीनर्स), ने कहा कि यदि आज पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा भी खरीदनी पड़ सकती है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से कम से कम दो से चार पौधे लगाने तथा बच्चों के हाथों से पौधारोपण कराने का आह्वान किया, ताकि प्रकृति संरक्षण जीवन के संस्कार का हिस्सा बन सके।

श्री सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल योगेंद्र सिंह ने बताया कि 12 जुलाई से 31 अगस्त तक चलने वाला ‘प्रेम तरु’ अभियान पूरे उत्तराखंड में व्यापक जनसहभागिता के साथ संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना है। उन्होंने टेरिटोरियल आर्मी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जब सेना और समाज किसी सकारात्मक उद्देश्य के लिए साथ आते हैं तो परिवर्तन निश्चित होता है।

कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. बख्शी, श्रद्धा बख्शी, डॉ. विपिन वैश्य, मीनू वैश्य, दीपक नौटियाल (ट्रस्टी), कैप्टन अजय स्वरूप, सूबेदार भूपेंद्र सिंह, नीरज थापा, सज्जन सिंह थापा, किरण अहलूवालिया, शालिनी स्वरूप, अभिषेक शाही, राज्य मंत्री एवं उपाध्यक्ष गोरखा कल्याण परिषद उत्तराखंड सपना थापा, डॉ. ओ.पी. गुप्ता, डॉ. आर.एम. सिंघल, डॉ. लता सिंघल, समरजीत अहलूवालिया, नीमा जोशी, मीरा छेत्री, निधि शर्मा, लता खम्पा, पूनम गुरुंग, सुधा पुन, कुसुम शर्मा, दीपा कौशल, रेखा ठाकुर, करुणा रावत, ज्योति, शुभा दुबे, कौतुक और समर्थ सहित बड़ी संख्या में सैन्य अधिकारी, समाजसेवी, स्वयंसेवक, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

हर पौधा बनेगा भविष्य का प्रहरी
अभियान का संदेश है कि आज लगाया गया एक छोटा-सा पौधा भविष्य में किसी राहगीर को छाया, पक्षियों को आश्रय और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करेगा। आयोजकों का मानना है कि यदि उत्तराखंड का प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प निभाए, तो यही प्रयास प्रदेश को हरित, स्वच्छ और पर्यावरणीय रूप से अधिक सुरक्षित बनाने की मजबूत नींव साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *