मसूरी होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत मामले में पति गिरफ्तार

:- 15 जून की घटना में गैर-जमानती वारंट के आधार पर नई दिल्ली से हुई गिरफ्तारी, अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

देहरादून, 11 जुलाई। मसूरी क्षेत्र के टिपरीधार स्थित एक होमस्टे में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को मसूरी क्षेत्रान्तर्गत चौकी बाटाघाट के निकट स्थित कियाना होमस्टे, टिपरीधार (मसूरी-धनौल्टी रोड) में अपने पति के साथ रुकी महिला श्रीमती पारुपुडी राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली मसूरी में मृतका के पति सोमयाजुला चरण के विरुद्ध मु0अ0सं0-19/2026 पंजीकृत किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट, मसूरी से अभियुक्त के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) प्राप्त किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने अभियोग में नामजद अभियुक्त श्री सोमयाजुला चरण पुत्र श्री एम. दुर्गा प्रसाद, निवासी जी-2, टावर-13, फेज-3, द्वितीय तल, किवर्ड कुंजनगर, मधु विहार, पूर्वी दिल्ली को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे 14 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार, सुद्धोवाला भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *