पुरानी पेंशन से वंचित करने वाले शासनादेश का अशासकीय शिक्षक संघ ने किया विरोध

: 01 अक्टूबर 2005 से पूर्व की विज्ञप्ति पर नियुक्त शिक्षकों की सेवाएं पुरानी पेंशन में जोड़ने की मांग, भर्ती प्रक्रिया शुरू करने सहित अन्य समस्याओं पर शिक्षा निदेशक से हुई वार्ता

देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड ने अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-कर्मचारियों की 01 अक्टूबर 2005 से पूर्व की सेवाओं को पुरानी पेंशन योजना में शामिल न किए जाने संबंधी शासनादेश का कड़ा विरोध जताया है। संघ ने इसे शिक्षक-कर्मचारियों के साथ अन्यायपूर्ण और भेदभावपूर्ण निर्णय बताते हुए शासनादेश निरस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

संघ के प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण एवं प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारियों को वेतन-भत्ते, पेंशन तथा अन्य सेवा संबंधी लाभ राजकीय शिक्षक-कर्मचारियों की भांति दिए जाते हैं। ऐसे में 01 अक्टूबर 2005 से पूर्व की विज्ञप्ति पर नियुक्त शिक्षक-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ नहीं दिया जाना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि अशासकीय विद्यालयों का बोर्ड परीक्षाओं में प्रदर्शन हमेशा उत्कृष्ट रहा है। इसके बावजूद शिक्षक-कर्मचारियों को कई सेवा संबंधी लाभों से वंचित रखा गया है। इतना ही नहीं, पूर्व में मिलने वाले कुछ लाभ भी समाप्त किए जा रहे हैं, जिससे शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित शासनादेश निरस्त नहीं किया गया तो शिक्षक-कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

इसी संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने नव नियुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें कार्यभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शासनादेश के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया गया।

संघ ने अशासकीय विद्यालयों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, समाप्त पदों को पुनर्जीवित करने तथा वित्तीय स्वीकृति की व्यवस्था समाप्त करने सहित अन्य लंबित मांगों को भी उठाया। इस पर शिक्षा निदेशक ने अशासकीय विद्यालयों की समस्याओं पर शीघ्र बैठक आयोजित कर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद उनके समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण, प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी, प्रांतीय मंत्री कपूर सिंह पंवार, आर.सी. शर्मा, जिलाध्यक्ष देहरादून अनिल नौटियाल, जिला मंत्री विजयपाल सिंह जगवाण, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, महावीर सिंह मेहता, संयुक्त मंत्री गिरीश सेमवाल, पीटीए शिक्षक अध्यक्ष अजय शर्मा, उपेंद्र बहुगुणा, शुभम भट्ट, दीपिका पुंडीर, संगीता थापा, नितिन जोशी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *