एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई: ऋषिकेश में अवैध व्यावसायिक निर्माण पर चला सीलिंग का हथौड़ा

:- स्वीकृत मानचित्र से हटकर और सेटबैक क्षेत्र में किया गया था निर्माण, नियम उल्लंघन पर एमडीडीए ने की सख्त कार्रवाई

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों और नियमों के विपरीत विकसित की जा रही परियोजनाओं के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए गुरुवार को ऋषिकेश में एक बड़े अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील किया और साफ संदेश दिया कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एमडीडीए के अनुसार, ऋषिकेश के भरत विहार के निकट हरिद्वार रोड स्थित रुद्र ऑटोमोबाइल परिसर में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य किया जा रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य न केवल स्वीकृत नक्शे से अलग था, बल्कि भवन निर्माण नियमों के तहत अनिवार्य सेटबैक क्षेत्र का भी अतिक्रमण किया गया था।

प्राधिकरण अधिकारियों ने पूर्व में निर्माणकर्ता को नियमों के अनुरूप सुधार करने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्धारित समय के भीतर आवश्यक संशोधन नहीं किए गए। इसके बाद एमडीडीए ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन टीम, अभियंता और संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

एमडीडीए ने कहा कि देहरादून, ऋषिकेश और पूरे प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग, बिना अनुमति के व्यावसायिक निर्माण तथा स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण कार्यों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में भविष्य में भी सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा

प्राधिकरण का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सुनियोजित और सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करना है। स्वीकृत मानचित्र से हटकर निर्माण और सेटबैक नियमों का उल्लंघन न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और शहर के संतुलित विकास को भी प्रभावित करता है।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा

प्रवर्तन टीम लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है। जहां भी स्वीकृत मानचित्र से विचलन, सेटबैक का अतिक्रमण या अन्य निर्माण नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आएंगे, वहां सीलिंग सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *