खेतों में लौटे मुख्यमंत्री धामी, मां के साथ किया कृषि कार्य, अन्नदाताओं को किया नमन

:- नगला तराई में खेत की जुताई और खाद डालते हुए याद किए संघर्ष के दिन, बोले— किसान देश की खाद्य सुरक्षा और संस्कृति के सच्चे संवाहक

गढ़रत्न मिरर, खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जनपद ऊधमसिंह नगर के खटीमा क्षेत्र स्थित नगला तराई में अपनी माता जी के साथ खेतों में कृषि कार्यों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने खेत की जुताई की और फसलों के लिए खाद डालते हुए किसानों के कठिन परिश्रम, त्याग और समर्पण को नजदीक से महसूस किया।

खेतों में काम करते हुए मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों में भागीदारी करते हुए उनके जीवन के वे सरल, संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक दिन फिर से स्मृतियों में ताजा हो गए, जब वे ग्रामीण परिवेश में खेती-किसानी से जुड़े रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अन्नदाता किसान केवल खाद्य सुरक्षा की मजबूत नींव ही नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और ग्रामीण जीवन मूल्यों के वास्तविक संवाहक भी हैं। उन्होंने किसानों के अथक परिश्रम और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए कहा कि किसानों की मेहनत और तपस्या से ही देश आत्मनिर्भर और समृद्ध बनता है।

उन्होंने समस्त किसानों को नमन करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा कृषि को अधिक लाभकारी और आधुनिक बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *