युवाओं ने दिया स्वच्छता और नशा मुक्ति का संदेश

:- लक्ष्मण सिद्ध मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान, राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं को किया प्रेरित

:- स्वच्छता अभियान के दौरान युवाओं ने लिया नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प

देहरादून। सजग इंडिया फाउंडेशन, सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज देहरादून एवं उत्तराखंड डिफेंस एकेडमी के विद्यार्थियों ने यूथ फाउंडेशन और माय भारत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हरिद्वार रोड स्थित लक्ष्मण सिद्ध मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान युवाओं ने साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद एवं यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल तथा सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान वक्ताओं ने युवाओं से समाज सेवा, स्वच्छता और नशा मुक्त समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि स्वच्छ देवभूमि और नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। वहीं कर्नल अजय कोठियाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं को स्वच्छता बनाए रखने और नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में माय भारत टीम की उपनिदेशिका मोनिका नांदल, स्वयंसेवक आशीष सगोई, अभिषेक राणा, उत्तराखंड डिफेंस एकेडमी के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल जे.एस. नेगी सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में युवाओं से अपने घर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा समाज को नशे जैसी बुराइयों से मुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *