भैरव सेना की छठवीं वर्षगांठ पर शक्ति प्रदर्शन, ‘तीर्थ सुधार’ और ‘नशा मुक्त देवभूमि’ अभियान का ऐलान

:- प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाया गया स्थापना दिवस समारोह

:- संदीप खत्री बोले— ‘केदारनाथ’ फिल्म पर प्रतिबंध और देवस्थानम बोर्ड भंग संगठन की बड़ी उपलब्धि

:- देहरादून जिला अध्यक्ष बने अनिल कुमार, 30 पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां

देहरादून। हिंदुत्ववादी संगठन ‘भैरव सेना’ की छठवीं वर्षगांठ मंगलवार को लैंसडाउन चौक स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भैरव स्तुति के साथ हुआ। समारोह में निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत स्वामी दर्शन भारती, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पूर्व कोषाध्यक्ष तनवीर सिंह और एडीआर उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक मुकुंद कृष्ण दास मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

संगठन के संस्थापक एवं केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने छह वर्षों के संगठनात्मक सफर और आंदोलनों की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि फिल्म ‘केदारनाथ’ के विरोध से लेकर देवस्थानम बोर्ड भंग करवाने तक भैरव सेना ने लगातार हिंदुत्व और तीर्थों की मर्यादा के मुद्दे उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम के सिंह द्वार पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश प्रतिबंध की मांग को लेकर चलाया गया आंदोलन ऐतिहासिक रहा। इसके अलावा केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मांस बिक्री प्रतिबंध और धर्मांतरण विरोधी कानून को लेकर संगठन ने क्रमिक अनशन और जनआंदोलन के माध्यम से दबाव बनाया।

संदीप खत्री ने बताया कि संगठन द्वारा चलाया गया ‘पंचगव्य शुद्धि अभियान’ व्यापक रूप से सफल रहा। सामाजिक सरोकारों के तहत 21 संस्कार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जबकि युवाओं को लव जिहाद, लैंड जिहाद और नशे से बचाने के लिए प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन गतिविधियों का विस्तार उत्तराखंड के सभी 13 जिलों तक किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान संगठन की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए करीब 30 पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। देहरादून जिले की कमान अनिल कुमार को दी गई। वहीं केंद्रीय सचिव संजय पंवार, प्रदेश संगठन मंत्री गणेश जोशी, अन्नू राजपूत, मयंक मलेठा, अमन कुमार, गीता बिष्ट और सुनीता थापा सहित कई कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर संगठन ने पूरे प्रदेश में ‘तीर्थ सुधार नियमावली अभियान’ और ‘नशा मुक्त देवभूमि अभियान’ चलाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय सचिव संजय पंवार ने किया, जबकि व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी गणेश जोशी, अन्नू राजपूत और कल्पना भंडारी ने संभाली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *