: चारधाम और हेमकुंड यात्रा की तैयारियों की समीक्षा, ईंधन बचत की अनूठी पहल, जिला टॉपर गायत्री बिष्ट सम्मानित
गोपेश्वर (चमोली) 17 मई। जनपद चमोली में उत्कृष्ट पुलिसिंग और जिम्मेदार कार्यशैली के लिए निरीक्षक विनोद थपलियाल को “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” चुना गया। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर सराहनीय कार्य करने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गोष्ठी में चारधाम यात्रा और आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। एसपी ने कहा कि यात्रा सीजन अब पीक पर पहुंच रहा है, ऐसे में सभी अधिकारी और जवान अतिरिक्त सतर्कता और समन्वय के साथ ड्यूटी करें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।
बैठक की खास बात ईंधन बचत और संसाधनों के समुचित उपयोग को लेकर अपनाई गई व्यवहारिक पहल रही। भगवान रुद्रनाथ डोली यात्रा के कारण पहले से मुख्यालय पहुंचे अधिकारियों की मौजूदगी में ही अपराध गोष्ठी आयोजित की गई, जिससे अतिरिक्त वाहन संचालन से बचा जा सके। वहीं बद्रीनाथ थानाध्यक्ष को वर्चुअल माध्यम से बैठक में जोड़ा गया। एसपी ने कहा कि छोटी-छोटी जिम्मेदार पहलें बड़े बदलाव ला सकती हैं और ईंधन संरक्षण हर कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
एसपी ने आगामी 23 मई से शुरू हो रही श्री हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर गोविंदघाट और घांघरिया क्षेत्रों में होटल कर्मचारियों, बाहरी व्यक्तियों, फड़-फेरी वालों और किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संचार व्यवस्था मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
“ऑपरेशन प्रहार” अभियान की समीक्षा करते हुए एसपी ने फरार, वांछित और पेशेवर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, अवैध नंबर प्लेट और हूटर लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा।
फायर सीजन को देखते हुए अग्निकांड की घटनाओं पर त्वरित रिस्पांस देने और वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन-2026”, वीवीआईपी कार्यक्रमों और हेमकुंड साहिब कपाटोद्घाटन को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सीबीएसई 12वीं परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर बनी पुलिस परिवार की बेटी गायत्री बिष्ट को भी एसपी ने सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
गोष्ठी में ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी विपुल कुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित सभी थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।