:- महंगाई के विरोध में कांग्रेस सड़कों पर उतरी, पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि को बताया जनविरोधी फैसला
देहरादून, 17 मई। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को एश्लेहॉल चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव के दौरान राहत का दिखावा करती है, लेकिन बाद में आम आदमी, किसानों, व्यापारियों और युवाओं की जेब पर सीधा हमला करती है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का असर रसोई से लेकर परिवहन तक हर क्षेत्र पर पड़ रहा है, जिससे आम नागरिक का जीवन कठिन होता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करती रहेगी।
पूर्व विधायक मनोज रावत और प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि से आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इस फैसले के खिलाफ लगातार संघर्ष करेगी।
प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव गोदावरी थापली, प्रदेश उपाध्यक्ष पूरण सिंह रावत, अनुसूचित विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, पछवादून जिला अध्यक्ष संजय किशोर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।