:- एएनएम, जीएनएम, बीएससी, एमएससी नर्सिंग समेत विभिन्न कोर्सों में दाखिले का मौका
:- 5 जून तक ऑनलाइन आवेदन, 8 जून से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
:- राज्यभर में बनाए गए 13 परीक्षा केंद्र, विश्वविद्यालय ने जारी की पूरी जानकारी
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग और एनपीसीसी समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से 13 और 14 जून को राज्यभर में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 5 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षार्थी 8 जून से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें देहरादून, पौड़ी गढ़वाल (श्रीनगर), नई टिहरी, नैनीताल (हल्द्वानी), पिथौरागढ़, हरिद्वार, चमोली (गोपेश्वर), उत्तरकाशी, चंपावत, ऊधमसिंहनगर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।