हाईटेक नकल गैंग पर STF का शिकंजा, SSC परीक्षा केंद्र सील

:- नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी में सर्वर कम्प्रोमाइज की आशंका, 18 मई की SSC GD परीक्षा से पहले बड़ी कार्रवाई
: एसएसपी STF बोले – नकल माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, हाईटेक नेटवर्क तैयार करने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने SSC परीक्षाओं में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वरी प्रसाद उर्फ इन्द्रजीत शर्मा उर्फ इन्दर निवासी निहाल विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी को नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी से गिरफ्तार किया गया, जहां वह परीक्षा लैब में इंटरनेट राउटर लगाने की तैयारी कर रहा था।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी ने SSC की ऑनलाइन परीक्षाओं में नकल कराने के लिए सर्वर रूम, परीक्षा लैब और अंडरग्राउंड चैंबर तक तैयार किया था। आरोपी हाईटेक नेटवर्किंग के जरिए सॉल्वरों को रिमोट एक्सेस उपलब्ध कराने का काम करता था।

एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और डीजीपी दीपम सेठ के आदेश पर राज्यभर में परीक्षा माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गठित टीमों ने तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के बाद इस आरोपी को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने दिल्ली में नेटवर्किंग और इलेक्ट्रिकल कार्य सीखा था और कई स्कूलों व लैब में सेटअप तैयार करने का काम करता था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि देहरादून स्थित महादेव डिजिटल जोन की लैब में भी उसने सर्वर रूम से अलग कनेक्शन बनाकर अंडरग्राउंड चैंबर तक नेटवर्क पहुंचाया था, जिससे सॉल्वर दूर बैठकर सिस्टम का एक्सेस ले सकें।

एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से 1 लैपटॉप, 4 मोबाइल फोन, 14 ब्लूटूथ एवं रिसीवर डिवाइस, 20 बैटरियां, 2 इंटरनेट राउटर और एक फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया है।

एसटीएफ के अनुसार नेहरू ग्राम स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी सहित कुछ अन्य स्थानों के सर्वर कम्प्रोमाइज होने की जानकारी मिली है। इसी को देखते हुए 18 मई को प्रस्तावित SSC कांस्टेबल GD ऑनलाइन परीक्षा से पहले संबंधित परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर इसकी सूचना SSC के क्षेत्रीय निदेशक, दिल्ली को भेज दी गई है।

गौरतलब है कि SSC परीक्षा में नकल कराने के मामले में एसटीएफ पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले में लगातार पूछताछ व तकनीकी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *