उत्तरकाशी की महक भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में जगह बनाने वाली उत्तराखंड की पहली खिलाड़ी बनीं

:- एथलेटिक्स से शुरू हुआ सफर, तीन साल की मेहनत ने पहुंचाया अंतरराष्ट्रीय मंच तक

ओम प्रकाश जोशी, टिहरी गढ़वाल। उत्तरकाशी जिले के सीमांत मोरी विकासखंड की 19 वर्षीय महक चौहान ने भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में चयनित होकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। महक प्रदेश की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्हें भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में जगह मिली है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।

ग्राम भद्रासू निवासी महक चौहान के पिता अरविंद चौहान प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां कला देवी गृहिणी हैं। महक ने बताया कि शुरुआत में उनकी रुचि एथलेटिक्स में थी और उन्होंने देहरादून में एक साल तक प्रशिक्षण भी लिया। इसी दौरान एक महिला खिलाड़ी के माध्यम से उनका परिचय रग्बी से हुआ, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी।

कोच आयुष सैनी के मार्गदर्शन में महक ने वर्ष 2023 में मलेशिया में अपना पहला अंडर-18 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेला। इसके बाद उन्होंने अंडर-20 एशिया रग्बी चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया, जहां भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता। लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर अब उनका चयन भारतीय सीनियर महिला टीम में हुआ है।

महक 16-17 मई को ताशकंद, उज्बेकिस्तान में होने वाली सेंट्रल एंड साउथ एशिया चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वर्तमान में वह कोलकाता में राष्ट्रीय कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *