307 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र, धामी बोले— यह सिर्फ नौकरी नहीं, जनता की सेवा का संकल्प

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 307 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के 22 प्रयोगशाला सहायक एवं मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय और भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दूरस्थ क्षेत्रों में संकट की घड़ी में जनता की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिक ही होते हैं।

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक प्रदेश में 62 लाख से अधिक कार्ड वितरित किए जा चुके हैं और लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में पांच मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है तथा हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण तेजी से चल रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि और उद्यानिकी को नई दिशा देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त युवा कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही हैं और प्रदेश में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के कारण पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री Subodh Uniyal, कृषि मंत्री Ganesh Joshi, कैबिनेट मंत्री Khajan Das, विधायक Umesh Sharma KauSavita Kapoor, मेयर Saurabh Thapliyal, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. एस.एन. पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हाइलाइट्स

  • 243 चिकित्सा अधिकारियों को मिला नियुक्ति पत्र

  • 42 फार्मासिस्ट और 22 उद्यान कर्मियों की नियुक्ति

  • 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित

  • 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ से अधिक का कैशलेस उपचार

  • राज्य में 5 मेडिकल कॉलेज संचालित, 2 निर्माणाधीन

  • पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *