मुख्यमंत्री धामी ने सुनी पीएम की ‘मन की बात’, बोले—जनभागीदारी से बन रहा विकसित भारत

 :- प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से नवाचार, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता को मिल रही नई प्रेरणा

देहरादून, 26 अप्रैल: पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला, देहरादून में स्थानीय लोगों के साथ मन की बात के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना गया।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के प्रेरक कार्यों, नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से सामने रखते हैं, जिससे लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम ने आमजन के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। देश के कोने-कोने में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिल रही है और समाज में सकारात्मक बदलाव का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि मेहनत और समर्पण से कार्य करने वालों को निश्चित रूप से सफलता मिलती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान और स्वाभिमान हर क्षेत्र में बढ़ा है। देश आज एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और विज्ञान, रक्षा व एआई के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। भारत अब रक्षा उपकरणों और हथियारों का निर्यात भी कर रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में सीमांत क्षेत्रों तक सड़क, रेल और आधुनिक सुविधाएं पहुंच रही हैं। उत्तराखण्ड भी विकसित भारत के संकल्प में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है और बाबा केदार की भूमि से उन्होंने इस दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया था। राज्य सरकार इस संकल्प को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की संस्कृति, आस्था और परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा सख्त दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून और नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं, जो अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहे हैं।

इस अवसर पर विनोद चमोली, प्रताप सिंह पंवार, सरिता डंगवाल, मोहित शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *