ढकरानी जलविद्युत परियोजना में RMU कार्यों का निरीक्षण, 20 मई तक काम पूरे करने के निर्देश

:- यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने समयबद्धता और गुणवत्ता पर दिया जोर, आधुनिक सुविधाओं से लैस सभा कक्ष का भी लिया जायजा

देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने गुरुवार को ढकरानी जलविद्युत परियोजना के विद्युत गृह का निरीक्षण कर वहां चल रहे आधुनिकीकरण, नवीनीकरण एवं उच्चीकरण (RMU) कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मशीन संख्या-3 सहित सभी लंबित कार्य हर हाल में 20 मई 2026 तक पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रबंध निदेशक ने परियोजना की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनाने पर बल देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि समयबद्धता और गुणवत्ता निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं और इन्हीं मानकों पर कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने ढकरानी विद्युत गृह में नव निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सभा कक्ष का भी निरीक्षण किया। इस सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, डिजिटल डिस्प्ले, उच्च गुणवत्ता की ऑडियो प्रणाली और स्मार्ट प्रेजेंटेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही रियल-टाइम डेटा शेयरिंग और वर्चुअल मीटिंग के जरिए दूरस्थ परियोजनाओं से भी प्रभावी संवाद संभव होगा।

उन्होंने कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं से निगम की कार्यप्रणाली में गति आएगी और निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनेगी।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक प्रवीण जौहरी, के.के. जायसवाल, उप महाप्रबंधक जयपाल सिंह, अनित अमोली, अधिशासी अभियंता दीपक आर्य सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *