आदर्श ग्रामों के समग्र विकास की रफ्तार तेज, 14 गांवों को मिलेंगे 20-20 लाख

:- देहरादून में पीएम आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा बैठक, बुनियादी सुविधाओं और सोलर लाइट पर खास जोर

देहरादून, 23 अप्रैल 2026। जनपद में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित गांवों के समग्र विकास को लेकर प्रशासन ने रफ्तार तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय अभिसरण समिति की बैठक में विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जनपद देहरादून में अनुसूचित जाति बाहुल्य 14 ग्रामों का चयन किया गया है। इनमें विकास खंड चकराता के 8, कालसी के 4 और विकासनगर के 2 गांव शामिल हैं। योजना के तहत प्रत्येक ग्राम को ‘गैप फिलिंग’ कार्यों के लिए 20 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।

समिति ने चयनित गांवों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि पेयजल, स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण एवं मरम्मत, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, सर्व-ऋतु सड़क और सोलर व स्ट्रीट लाइट जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

वरिष्ठ परियोजना अधिकारी, उरेडा ने जानकारी दी कि वर्ष 2026-27 की जिला योजना के तहत प्रत्येक चयनित ग्राम में 15 सोलर लाइट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा सुविधा और सुरक्षा दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और तय समयसीमा के भीतर लक्ष्यों को हासिल किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।

बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी मनोज नौटियाल, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी उरेडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *