डीएम के निर्देश पर अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, नगर निगम की सड़क हुई कब्जामुक्त

:- चकतुनवाला में प्रॉपर्टी डीलर द्वारा बनाई गई अवैध दीवार हटाई, जिला प्रशासन का सख्त संदेश—अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं

देहरादून, 21 अप्रैल 2026: जनपद देहरादून में सरकारी भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर चकतुनवाला क्षेत्र में नगर निगम की सड़क पर अवैध कब्जा कर बनाई गई दीवार को हटाकर मार्ग को कब्जामुक्त कराया गया।

जानकारी के अनुसार, चकतुनवाला के निवासियों द्वारा मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत जिलाधिकारी को दी गई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके अनुपालन में तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव ने राजस्व निरीक्षक माजरा और शिकायतकर्ताओं की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण किया और जांच आख्या जिलाधिकारी को सौंपी।

जांच में नगर निगम की सड़क पर प्रॉपर्टी डीलर द्वारा अवैध रूप से दीवार निर्माण की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद राजस्व विभाग और नगर निगम देहरादून की संयुक्त टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अवैध दीवार को ध्वस्त कर मार्ग को पूरी तरह से कब्जामुक्त कराया।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जों के विरुद्ध समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों को राहत मिली है और प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को कड़ा संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *