:- चम्पावत से शुरू हुई यात्रा 2026 के तहत देहरादून आगमन
:- शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर हुआ दर्शन-पूजन
:- 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं सहित श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
देहरादून। चम्पावत से न्याय देवता श्री गोल्ज्यू महाराज की पावन डोली पहली बार देहरादून पहुंची। “श्री गोल्ज्यू महाराज यात्रा 2026” के अंतर्गत डोली ने अपनी धरोहर न्यास द्वारा संचालित मणिमाई मंदिर में दर्शन देने के बाद कुंआवाला स्थित सीआईएमएस कॉलेज का रुख किया, जहां डोली का भव्य स्वागत किया गया।
सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने डोली एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए भगवान गोल्ज्यू महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर यूआईएचएमटी कॉलेज के निदेशक रमेश चंद्र जोशी, ग्रुप के मैनेजिंग निदेशक संजय जोशी, निदेशक जानकी जोशी सहित शिक्षक, कर्मचारी और 1000 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धा भाव से डोली के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
कॉलेज में स्वागत के उपरांत डोली यात्रा ने देहरादून शहर के प्रमुख स्थलों—घंटाघर, गोरखाली सुधार सभा गढ़ी कैंट, श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर, द्रोण आश्रम (टपकेश्वर कॉलोनी) और मां काली मंदिर रायपुर—का भ्रमण किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और फूल-मालाओं, भजन-कीर्तन एवं जयकारों के साथ डोली का स्वागत किया गया। पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
देहरादून में यात्रा का संयोजन अपनी धरोहर न्यास के अध्यक्ष विजय भट्ट एवं योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी (माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर, टपकेश्वर महादेव) द्वारा किया गया। यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है।