एसजीआरआरयू जॉब उत्सव 4.0 में 200 युवाओं को मिला शानदार प्लेसमेंट

: 35 प्रतिष्ठित कंपनियों की मौजूदगी, लाखों के पैकेज पर चयन

: 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

: अन्य विश्वविद्यालय व शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने भी की बढ़चढ़कर भागीदारी

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून।। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) के पथरी बाग कैंपस में आयोजित जॉब उत्सव 4.0 युवाओं के करियर को नई दिशा देने वाला साबित हुआ। एक दिवसीय इस भव्य रोजगार मेले में 200 छात्र-छात्राओं का सफल कैंपस प्लेसमेंट हुआ, जबकि 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कर उत्साहपूर्वक भागीदारी की। खास बात यह रही कि अन्य विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भी इसमें बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।

रोजगार मेले में आईटी, फार्मास्यूटिकल, मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर, ऑटोमोबाइल और फाइनेंस सहित विभिन्न क्षेत्रों की 35 नामचीन कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें आईटीसी, टेक महिंद्रा, मुथुट फाइनेंस, एसबीआई, एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज, एनआईआईटी, विंडलास, जस्ट एग्रीकल्चर, डिजियूनी और स्मार्ट ब्रेन्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल रहीं। चयनित छात्र-छात्राओं को आकर्षक पैकेज पर नौकरी के अवसर मिले, जिससे उनके करियर की मजबूत शुरुआत सुनिश्चित हुई।

प्लेसमेंट समन्वयक डॉ. मनीषा मैदुली के अनुसार यह आयोजन छात्र-छात्राओं के लिए बेहतरीन अवसर साबित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

मेले की एक खास उपलब्धि यह भी रही कि कंपनियों के एचआर विशेषज्ञों ने मौके पर ही इंटरव्यू की तैयारी, करियर चयन और प्रोफेशनल स्किल्स को लेकर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। इससे प्रतिभागियों को न केवल नौकरी के अवसर मिले, बल्कि अपने भविष्य की दिशा तय करने में भी मदद मिली।

चयन प्रक्रिया को तीन चरणों—लिखित परीक्षा, प्रस्तुतीकरण और साक्षात्कार—में संपन्न किया गया, जिसके आधार पर योग्य उम्मीदवारों का चयन हुआ। इस दौरान विशेषज्ञों ने छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप तैयार रहने के सुझाव भी दिए।

इस सफल आयोजन में विश्वविद्यालय की स्टूडेंट काउंसिल, इंडस्ट्री इंटरफेस सेल और प्लेसमेंट सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के समन्वयक, सभी विभागों के डीन, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 हाईलाइट लाइन :

जॉब उत्सव 4.0 ने युवाओं को रोजगार के साथ करियर काउंसलिंग और इंडस्ट्री एक्सपोजर का भी बेहतरीन मंच दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *