दिव्यांशु हत्याकांड: पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों की कराई परेड, क्राइम सीन रीक्रिएट कराया

देहरादून, 11 अप्रैल। कोतवाली प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट में छात्र दिव्यांशु की मृत्यु के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो ईनामी मुख्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाकर शनिवार को घटना स्थल पर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की प्रेमनगर में परेड कराई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को घटनास्थल से लेकर थाना क्षेत्र तक करीब साढ़े तीन किलोमीटर तक घुमाया गया। इस दौरान आरोपी उत्तराखंड पुलिस से माफी मांगते नजर आए।

पुलिस के अनुसार, “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों प्रहलाद राज पुत्र विनय सिंह और अंकुर सिंह पुत्र पुरुषोत्तम सिंह को 09 अप्रैल 2026 को आकाश रिसॉर्ट, पुरूलिया, थाना बांगमुण्डी, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मा० न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर दोनों को देहरादून लाया गया।

शनिवार 11 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को प्रेमनगर स्थित घटना स्थल पर ले जाकर घटनाक्रम को दोबारा रीक्रिएट किया। इस दौरान पुलिस ने मारपीट की पूरी वारदात के क्रम को समझने के लिए दोनों से विस्तृत पूछताछ की।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में घटना में शामिल 04 अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, अभी भी फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार गैर प्रांतों में दबिश दे रही हैं।


गिरफ्तार आरोपी

  1. प्रहलाद राज पुत्र विनय सिंह
    निवासी — हनुमान नगर न्यू एरिया, जिला नवादा, बिहार
    हाल निवासी — सैनिक कॉलोनी फेज-2, थाना प्रेमनगर, देहरादून
    (मुख्य अभियुक्त)

  2. अंकुर पुत्र पुरुषोत्तम कुमार
    निवासी — महल्दीचक सोनपर, जिला गोपालपुर, बिहार
    हाल निवासी — सैनिक कॉलोनी फेज-2, थाना प्रेमनगर, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *