:- ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रेमनगर से गिरफ्तारी, सरकारी व सैन्य संस्थानों की लोकेशन और वीडियो पाकिस्तान भेजने का आरोप
:- अवैध पिस्टल, कारतूस, स्प्रे पेंट और मोबाइल बरामद; TTH के नाम से दहशत फैलाने की थी साजिश
ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके तार पाकिस्तान में बैठे आतंकी शहजाद भट्टी और उसके साथी राणा से जुड़े बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी पर देहरादून के प्रतिष्ठित सरकारी, पुलिस और सैन्य संस्थानों की लोकेशन व वीडियो फुटेज पाकिस्तान भेजने का आरोप है।
एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में झाझरा, प्रेमनगर निवासी 29 वर्षीय विक्रान्त कश्यप को देर रात गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, 7 जिंदा कारतूस, एक स्प्रे पेंट कैन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को देहरादून और आसपास के संवेदनशील स्थानों, पुलिस थानों, आईएसबीटी, पुलिस मुख्यालय और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की वीडियो बनाकर भेजने के टास्क दिए गए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को महत्वपूर्ण भवनों और संस्थानों पर “तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH)” लिखकर दहशत फैलाने का निर्देश दिया गया था। आरोपी ने सेलाकुई, अडवानी पुल और झाझरा क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर स्प्रे पेंट से TTH लिखकर वीडियो पाकिस्तान भेजी थी। पुलिस चौकी झाझरा की लोकेशन और वीडियो फुटेज भी पाकिस्तानी हैंडलर को भेजे जाने की बात सामने आई है।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक आरोपी को टास्क पूरा करने के बदले नेपाल के रास्ते दुबई भेजकर सेटल करने और मोटी रकम देने का लालच दिया गया था। आरोपी पहले वर्ष 2024 और 2025 में पंजाब के नाभा में ट्रक बॉडी बनाने का काम भी कर चुका है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।