डीएम सविन बंसल ने कसी तैयारियों की कमान, पीएम दौरे के लिए आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक 13 जोन में बंटा रूट

:- 14 अप्रैल के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले जोनल-सेक्टर अधिकारियों की मैराथन बैठक, सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और जनसुविधाओं पर फोकस

:- प्रधानमंत्री के स्वागत में पूरे रूट पर लोक संस्कृति की झलक, हजारों लोगों की स्वैच्छिक भागीदारी की संभावना

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून, 09 अप्रैल। माननीय प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों की अहम बैठक लेकर पूरे कार्यक्रम की कमान अपने हाथ में लेते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध और त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रूट आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक पूरे मार्ग को 13 जोन में विभाजित कर प्रशासनिक निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रूट पर आमजन की हजारों की संख्या में स्वैच्छिक उपस्थिति संभावित है, ऐसे में पेयजल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और कानून व्यवस्था की व्यवस्थाएं हर हाल में चाक-चौबंद रहनी चाहिए।

डीएम सविन बंसल ने साफ निर्देश दिए कि लॉ एंड ऑर्डर का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल को लेकर भी डीएम ने विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पंडाल में आमजन के बैठने, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं तय समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने को कहा।

14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर में प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण का प्रस्ताव है। इसी क्रम में देहरादून के प्रस्तावित रूट पर चिन्हित स्थलों पर सांस्कृतिक दलों और लोक वाद्य यंत्रों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की भव्य झलक भी देखने को मिलेगी।

बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीण कुमार, संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान समेत सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *