:- किच्छा के उद्यान सचल दल केंद्र में सतर्कता टीम की बड़ी कार्रवाई, 16 आम के पेड़ों की कटान अनुमति के बदले मांगी थी घूस
ओम प्रकाश जोशी, किच्छा/हल्द्वानी, 09 अप्रैल। सतर्कता विभाग की टोल फ्री सेवा 1064 पर मिली शिकायत के बाद गुरुवार को सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे को 12,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी निरीक्षक पर ग्राम गऊघाट में 16 निजी आम के पेड़ों की कटान अनुमति देने के एवज में शिकायतकर्ता से घूस मांगने का आरोप था।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग को बताया था कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से उनके निजी आम के पेड़ खरीदे थे, जिन्हें काटने की अनुमति उद्यान विभाग से नियमानुसार ली जानी थी। आरोप है कि उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे ने कुल 16 पेड़ों की कटान अनुमति के लिए 12,000 रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर तत्काल एक ट्रैप टीम का गठन किया गया।
गठित ट्रैप टीम ने 09-04-2026 को कार्रवाई करते हुए उद्यान सचल दल केंद्र, किच्छा में तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे पुत्र श्री बची राम पाण्डे, निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी, तीन पानी के पास, निकट पुरानी आईटीआई हल्द्वानी को शिकायतकर्ता से 12,000 रुपये रिश्वत लेते हुए उसके किच्छा स्थित कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता टीम की इस कार्रवाई से उद्यान विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।