ऋषिकेश में पुलिस पर फायरिंग करने वाला हरियाणा का अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट लगी कार व तमंचा बरामद

‘ऑपरेशन प्रहार’ में दून पुलिस की बड़ी कामयाबी, जंगलात बैरियर पर चेकिंग देख भागा बदमाश, पीछा करने पर पुलिस टीम पर की फायरिंग, डंपर चोरी की वारदात भी कबूली

ऋषिकेश/देहरादून। जंगलात बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागे हरियाणा के एक शातिर वाहन चोर ने पीछा कर रही टीम पर फायर झोंक दिया। जवाब में सूझबूझ दिखाते हुए ऋषिकेश पुलिस ने बदमाश को घेरकर दबोच लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा-खोखा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट डिजायर और असली नंबर प्लेट बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपी ने एक माह पहले ऋषिकेश से डंपर चोरी कर मेवात ले जाने का सनसनीखेज खुलासा भी किया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरे उत्तराखंड में चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसएसपी देहरादून के आदेश पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी अभियान के तहत 07 अप्रैल की रात कोतवाली ऋषिकेश पुलिस जंगलात बैरियर पर चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान रानीपोखरी की ओर से आई एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक ने कार मोड़कर फरार होने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना देकर सरकारी वाहन से पीछा शुरू कर दिया।

भागने के दौरान आरोपी की कार काली मंदिर से पहले मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पिलर से टकरा गई। इसके बाद चालक कार छोड़कर जंगल की ओर भागा। पीछा कर रही पुलिस टीम के करीब पहुंचते ही उसने जानलेवा नीयत से फायर कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी मच गई। हालांकि पुलिस टीम ने हिम्मत और तेजी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान पुत्र इदरीश, निवासी ग्राम सुडाका, थाना व जिला नूह (हरियाणा), उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है।

डंपर चोरी में भी निकला मास्टरमाइंड

पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर करीब एक माह पहले ऋषिकेश क्षेत्र से एक डंपर चोरी किया था, जिसे मेवात ले जाकर ठिकाने लगाया गया। मंगलवार रात वह दोबारा वाहन चोरी की वारदात के लिए रेकी करने ऋषिकेश पहुंचा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से धर लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने और पहचान छिपाने के लिए अपनी कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी, जबकि असली नंबर प्लेट कार के अंदर छिपाकर रखी गई थी।

बरामदगी

01 तमंचा 315 बोर

01 जिंदा कारतूस

01 खोखा कारतूस

फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट डिजायर

कार की असली नंबर प्लेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *