:- सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद कोतवाली डोईवाला में केस दर्ज, 27 मार्च को तीन युवकों को शांति भंग की आशंका में किया गया था गिरफ्तार
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। दून पुलिस ने स्वामी राम हिमालयन अस्पताल एवं विश्वविद्यालय, जौलीग्रांट में हुई मारपीट की घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए संस्थान के गार्डों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद सामने आया, जिसमें अस्पताल के गार्ड एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को श्री चन्द्र भूषण, उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी, स्वामी राम हिमालयन अस्पताल/विश्वविद्यालय जौलीग्रांट ने सूचना दी थी कि तीन युवक संस्थान परिसर में पहुंचकर क्लास रूम के अंदर घुस गए और छात्र-छात्राओं के साथ अनावश्यक गाली-गलौज तथा अभद्र व्यवहार कर रहे थे। बताया गया कि तीनों आपस में झगड़ा करने पर भी उतारू थे, जिससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, अन्य लोगों और संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को परेशानी हो रही थी।
सूचना मिलने पर कोतवाली डोईवाला पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों से संस्थान में आने का कारण पूछा। पुलिस के मुताबिक वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उन्हें शोर-शराबा न करने और संस्थान से जाने के लिए समझाया गया, लेकिन तीनों और अधिक आक्रोशित हो गए।
मौके पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने जय भण्डारी, उजैब जैदी और अभिजीत सिंह को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर नियमानुसार उप-जिला मजिस्ट्रेट डोईवाला, देहरादून के समक्ष पेश किया था।
इसी घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें संस्थान के गार्ड एक युवक के साथ मारपीट करते नजर आए। वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस ने गार्डों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।