27,500 से अधिक खिलाड़ी, कोच और रेफरी तैयार कर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दे रहे हैं
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 14 मार्च 2026। उत्तराखंड के प्रसिद्ध स्पोर्ट्स हीरो डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को उनके खेल और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘अविश्वसनीय वैश्विक उपलब्धि पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भारत सरकार से संबद्ध प्रतिष्ठित संस्था वेलनेस फाउंडेशन ट्रस्ट की फाउंडर एवं डायरेक्टर सौम्या बाजपेई और को-फाउंडर मानसी बाजपेई द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ. रावत अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, कोच और नेशनल रेफरी होने के साथ-साथ राज्य आंदोलनकारी, पूर्व यूकेडी विधायक प्रत्याशी और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं। उन्होंने पिछले 27 वर्षों में 27,500 से अधिक खिलाड़ियों, कोचों और रेफरियों को तैयार कर खेल जगत में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
डॉ. रावत का मानना है कि “कर्म ही पूजा है” और इसी सोच के साथ वह लगातार युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें नशे, फास्ट फूड और मोबाइल की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
खेल और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पहले भी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई पुरस्कार मिल चुके हैं। इस सम्मान को प्राप्त करने के बाद डॉ. रावत ने इसे देश और प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को समर्पित किया है।