:- देहरादून में गैस वितरण व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए डीएम सविन बंसल के निर्देश :- शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित, 72 गैस एजेंसियां प्रशासन के रडार पर
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 12 मार्च। देहरादून जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध संग्रहण और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और बीएनएस के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी कड़ी में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू करते हुए डोईवाला में 2 और विकासनगर में 12 घरेलू गैस सिलेंडर व्यावसायिक उपयोग में पाए जाने पर जब्त किए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि गैस एजेंसियों पर अवैध संग्रहण, बिचौलियों की संलिप्तता या अवैध रिफिलिंग पाई गई तो एजेंसी को सील किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयल कंपनियों के अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर जिले में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता के लिए ओटीपी आधारित होम डिलीवरी प्रणाली को सख्ती से लागू किया जाए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि गैस बुकिंग के बाद 25 दिनों का लॉक-इन पीरियड रहेगा और उपभोक्ता दूसरी बुकिंग 25 दिन बाद ही कर सकेंगे। ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आने पर गैस एजेंसियों को मैन्युअल बुकिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कंट्रोल रूम स्थापित, यहां करें शिकायत
एलपीजी या प्राकृतिक गैस से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने आपदा कंट्रोल रूम में विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।
नागरिक इन नंबरों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं—
1077
0135-2626066
0135-2726066
व्हाट्सएप: 7534826066
जिला पूर्ति अधिकारी और तेल कंपनियों के प्रतिनिधि प्रतिदिन एक घंटे कंट्रोल रूम में बैठकर शिकायतों और सोशल मीडिया इनपुट्स का निस्तारण करेंगे।
72 गैस एजेंसियों के गोदाम प्रशासन के रडार पर
जिले में संचालित 72 गैस एजेंसियों के गोदामों की लोकेशन प्रशासन के रडार पर रखी गई है। सभी उपजिलाधिकारियों को पुलिस क्षेत्राधिकारी और पूर्ति निरीक्षक के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की रैंडम जांच और छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग को रोकने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए। ऐसा पाए जाने पर सिलेंडर जब्त कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले में गैस उपभोक्ताओं की संख्या
बैठक में बताया गया कि देहरादून जिले में वर्तमान में 7.81 लाख घरेलू उपभोक्ता और 19,624 व्यावसायिक उपभोक्ता हैं, जिन्हें 72 गैस एजेंसियों के माध्यम से गैस की आपूर्ति की जाती है।
डीएम सविन बंसल का बयान :-
“जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। नागरिक किसी भी अफवाह में आकर पैनिक न करें। यदि कहीं अवैध भंडारण, कालाबाजारी या घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया जाता है तो आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीएनएस के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलने पर प्रशासन तुरंत कार्रवाई करेगा।”