सीआईएमएस ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की स्पोर्ट्स मीट में खिलाड़ियों का जोश, “नशे को ना और खेल को हां” का संदेश
दूसरे दिन बॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और गोला फेंक में छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमखम
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, देहरादून में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता 2025-26 के दूसरे दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। “नशे को ना और खेल को हां” थीम के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन किया।
दूसरे दिन बॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और गोला फेंक की प्रतियोगिताएं महिला एवं पुरुष वर्ग में आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
बॉलीबॉल प्रतियोगिता में महिला वर्ग में नीलकंठ हाउस विजेता रहा, जबकि नंदा देवी हाउस रनरअप रहा। वहीं पुरुष वर्ग में भी नीलकंठ हाउस ने जीत दर्ज की और त्रिशूल हाउस रनरअप रहा।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में पुरुष सिंगल्स में पंचाचूली हाउस विजेता और त्रिशूल हाउस रनरअप रहा। पुरुष डबल्स में नंदा देवी हाउस ने जीत दर्ज की। महिला सिंगल्स में नीलकंठ हाउस विजयी रहा, जबकि महिला डबल्स में पंचाचूली हाउस ने बाजी मारी।
कबड्डी प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में नीलकंठ हाउस ने शानदार जीत दर्ज की।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में पंचाचूली हाउस और महिला वर्ग में नीलकंठ हाउस विजेता रहे।
गोला फेंक प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में नंदा देवी हाउस ने जीत हासिल की।
द्वितीय दिवस के अवसर पर संयुक्त निदेशक अभियोजन गिरीश पंचोली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि केयर कॉलेज ऑफ नर्सिंग के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा और आरोग्यम मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष संदीप केडिया विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। संस्थान के चेयरमैन एडवोकेट ललित जोशी ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
ललित जोशी बोले – खेल से बनता है अनुशासित और स्वस्थ युवा
संस्थान के चेयरमैन एडवोकेट ललित जोशी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे और मोबाइल गेम्स जैसी नकारात्मक आदतों से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है।
मुख्य अतिथि गिरीश पंचोली ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं, जो विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत बनाते हैं।
इस अवसर पर संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय जोशी, प्रशासनिक डायरेक्टर केदार सिंह, उत्तराखंड डिफेंस एकेडमी के डायरेक्टर मेजर ललित सिंह, कर्नल जे.एस. नेगी, सीआईएमएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रधानाचार्या चेतना गौतम, सीआईएमएस कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल की उप-प्रधानाचार्या डॉ. प्रेरणा बड़ोनी, एनसीसी ऑफिसर डॉ. अंजना गुसाई, डॉ. प्रियंका गुसाईं, विशाखा, पंकज सजवाण, सुनील बिष्ट, डॉ. मेघा पंत, नगमा, अभिषेक राणा, सूरज राणा सहित विभिन्न शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बैडमिंटन, कबड्डी, शतरंज, कैरम, बॉलीबॉल, क्रिकेट सहित कई एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संस्थान के करीब 1500 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 12 मार्च को होगा।