आदमखोर घोषित कर गोली मारने की मांग, आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद छोड़ा
मोनाल एक्सप्रेस, पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोट ब्लॉक क्षेत्र में गुलदार के हमले से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के अधिकारियों को पंचायत भवन में करीब एक घंटे तक बंधक बना लिया। बाद में उच्च अधिकारियों के आश्वासन के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
काम से लौटते समय किया गुलदार ने हमला :-
घटना कोट ब्लॉक के बलमणा गांव की है। चिवालू जामलाखाल निवासी 45 वर्षीय प्रकाश लाल सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे बलमणा गांव से मिस्त्री का काम करके अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पटवारी चौकी के पास घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
सड़क से नीचे घसीटकर नोचा :-
बताया जा रहा है कि गुलदार उन्हें सड़क से नीचे घसीटकर ले गया और सिर से लेकर आधे शरीर तक का मांस नोच डाला। इस हमले में प्रकाश लाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा :-
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंचे रेंजर नक्षत्र लव शाह, तहसीलदार दीवान सिंह राणा समेत वन विभाग और प्रशासन के अन्य कर्मचारियों को पंचायत भवन में बंधक बना लिया।
आदमखोर घोषित करने की मांग:-
ग्रामीणों ने मांग की कि गुलदार को तुरंत आदमखोर घोषित कर उसे गोली मारकर खत्म किया जाए। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है और कई बार शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
आश्वासन के बाद छोड़े अधिकारी
करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद उच्च अधिकारियों से बातचीत और जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अधिकारियों को छोड़ दिया।
इलाके में दहशत :-
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।