डीएम सविन बंसल के जनदर्शन में त्वरित न्याय, छात्रा की फीस से लेकर बुजुर्गों को मिली राहत

डीएम जनदर्शन में 170 शिकायतें, कई मामलों का मौके पर निस्तारण; जरूरतमंदों को मिली आर्थिक सहायता

फीस न भर पाने पर परीक्षा से रोकी गई छात्रा की फीस प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा से जमा कराने के निर्देश

दिव्यांग बच्चे को स्पॉन्सरशिप योजना से ₹4000 प्रतिमाह की सहायता स्वीकृत

रायफल फंड से जरूरतमंदों को आर्थिक मदद, कई मामलों में त्वरित कार्रवाई

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में फरियादियों का भारी हुजूम उमड़ा। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनता दर्शन में कुल 170 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि असहाय, बुजुर्ग, महिलाओं और जरूरतमंदों की शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को अवश्य दी जाए।

फीस न होने पर परीक्षा से रोकी गई छात्रा को राहत

बंजारावाला निवासी कल्पना ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई कि उनकी पुत्री विदुषी, जो फाइलफोर्ट पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण फीस जमा नहीं कर पाई है, जिसके चलते विद्यालय प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा है।

इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय से समन्वय कर छात्रा को परीक्षा में बैठाने तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के तहत उसकी फीस जमा कराने के निर्देश दिए।

दिव्यांग बेटे के इलाज के लिए मिली आर्थिक सहायता

खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने अपनी आर्थिक परेशानी बताते हुए कहा कि उनका पुत्र दिव्यांग है और पति भी बीमार हैं, जिसके कारण परिवार बेहद कठिन स्थिति में है।

जिलाधिकारी ने रायफल फंड से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और जिला प्रोबेशन अधिकारी को उनके दिव्यांग पुत्र को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत ₹4000 प्रतिमाह सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

दुर्घटना में घायल शमशाद को राहत

जवाहर कॉलोनी बल्लूपुर निवासी शमशाद ने बताया कि वर्ष 2023 में दुर्घटना में उनका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था और उनकी आय का कोई साधन नहीं है।

इस पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने तथा रायफल फंड से आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।

2017 से लंबित नहर क्षतिपूर्ति का मामला

तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में पीएमजीएसवाई कालसी द्वारा लाखामण्डल से नाडा मोटर मार्ग निर्माण के दौरान उनकी कृषि भूमि और नहर को नुकसान हुआ था।

नहर निर्माण के लिए ₹5.04 लाख की शेष धनराशि अब तक नहीं मिली है। इस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई अधिकारियों को त्वरित समाधान प्रस्तुत करने को कहा। अधिकारियों ने 12 मार्च तक निस्तारण का लिखित आश्वासन दिया।

हार्ट पेशेंट बुजुर्ग की शिकायत पर गुंडा एक्ट में कार्रवाई

गढ़ीकैंट डाकरा निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि उनका पुत्र नशे की लत के कारण आए दिन घर में हंगामा करता है और उन्हें परेशान करता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने गुंडा एक्ट के तहत वाद दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बहू से परेशान बुजुर्ग दंपति को मिला सहारा

धर्मपुर निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने अपनी पुत्रवधु द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की। मामले में भरण-पोषण एक्ट के तहत वाद दर्ज किया गया है और जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विधवा महिला का पेयजल बिल हुआ सटलमेंट

राजीव नगर निवासी अरूणा ने बताया कि उनके पति की वर्ष 2008 में मृत्यु हो गई थी और वह मजदूरी कर परिवार चला रही हैं। उन्हें ₹34,395 का पेयजल बिल मिला है, जिसे वह चुकाने में असमर्थ हैं।

जिलाधिकारी ने जल संस्थान को बिल सटलमेंट करने तथा सटलमेंट राशि का भुगतान जिला प्रशासन के रायफल फंड से करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *