अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देहरादून में जल महोत्सव पखवाड़े के तहत कार्यक्रम, ग्राम प्रधानों, जल सखियों व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को किया सम्मानित
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 मार्च 2026 को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जल महोत्सव पखवाड़े के अंतर्गत “नीर नारी शक्ति सम्मान-2026” समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन तथा जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती कुसुम कण्डवाल, अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग उत्तराखण्ड ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह के दौरान पेयजल विभाग में कार्यरत महिला अभियंताओं ने पेयजल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और अपने अनुभव साझा किए।
राज्य के विभिन्न जनपदों से आई महिलाओं ने पेयजल, स्वच्छता, जल संरक्षण और संवर्द्धन के क्षेत्र में अपने अनुभव और विचार साझा किए। वक्ताओं ने बताया कि जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के क्रियान्वयन के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और परिवारों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह भी दर्शाया गया कि घर-घर नल से जल उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और आर्थिक बदलाव आए हैं। इससे जल जनित बीमारियों में कमी आई है तथा महिलाओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं।
समारोह में पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने वाली ग्राम प्रधानों, जल सखियों, ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की महिला सदस्यों, पर्यावरण सखियों तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कुसुम कण्डवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार के सहयोग से जल जीवन मिशन को प्रभावी रूप से धरातल पर लागू किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के कार्यभार में कमी आई है और बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल रहा है। साथ ही घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचने से जल जनित बीमारियों में भी कमी आई है।
कार्यक्रम में मिशन निदेशक रोहित मीणा, अधीक्षण अभियंता सुनील तिवारी, अधिशासी अभियंता अनंत सिंह सैनी, अधीक्षण अभियंता मिशा सिन्हा, अधिशासी अभियंता कंचन रावत सहित राज्य और जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अधिकारी, पेयजल विभाग के अभियंता और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।