अक्षय कुमार की मूवी “स्पेशल-26” की तर्ज पर रुड़की में व्यापारी के घर फर्जी इनकम टैक्स की रेड

गिरोह के दो सदस्य पुलिस ने पकड़े

देहरादून : फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार की मूवी “स्पेशल-26” की तर्ज पर हरिद्वार जनपद के रुड़की में व्यापारी के एक घर पर गिरोह ने फर्जी इनकम टैक्स की रेड डाली। पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनसे ठगी के 20 लाख रुपये में से ढाई लाख रुपये की नकदी, एप्पल मोबाइल, इंकम टैक्स के फर्जी दस्तावेज, फाइल, स्टांप और रेड में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद की गई है। 

हरिद्वार जिले के एसएसपी अजय कुमार के मुताबिक, रुड़की के इंदिरा विहार कालोनी सुनहरा रोड निवासी खाद्य सामग्री बनाने वाली फैक्ट्री के मालिक सुधीर कुमार जैन के घर पर आठ फरवरी को स्पेशल-26 फिल्म की तर्ज पर गिरोह के पांच सदस्यों ने फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर रेड डाली थी। इन्होंने कारोबारी का घर खंगाला था। बड़ी कार्रवाई का भय दिखाकर घर में रखे 20 लाख रुपये ठग लिए। दो दिन बाद कारोबारी ने इनकम टैक्स विभाग में जाकर कार्रवाई के संबंध में पूछा, तो पता चला कि वहां से कोई टीम उनके घर नहीं आई थी। तहरीर मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरोह की तलाश की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ समर निवासी खुड्डा नगला, थाना-छपार, मुजफ्फनगर व धीरज निवासी 415 इंद्रप्रस्थ योजना लोनी रोड, गाजियाबाद, थाना-लोनी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *