उत्तरकाशी में दर्दनाक हादसा: यमुना नदी में गिरा मैक्स वाहन, दो युवकों की मौके पर मौत

मोनाल एक्सप्रेस, उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी में देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार डामटा से लगभग डेढ़ किलोमीटर बड़कोट की ओर एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया और यमुना नदी में जा समाया। वाहन में चालक सहित दो लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही डामटा चौकी से पुलिस फोर्स तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही एसडीआरएफ बड़कोट, फायर सर्विस नौगांव और स्थानीय पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बाद में एसडीआरएफ और अग्निशमन दल की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने मौके पर ही दोनों की मौत की पुष्टि की।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान

तुषार खत्री पुत्र दिनेश खत्री

अजय पुत्र मीजान सिंह दुईक
निवासी डामटा, के रूप में हुई है।

दोनों युवक डामटा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?
प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में सड़क संकरी होने और मोड़ अधिक होने के कारण अक्सर ऐसे हादसे सामने आते हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *