मुख्यमंत्री ने श्री खाटू श्याम धाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासनगर में श्री खाटू श्याम धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में किया प्रतिभाग

विकासनगर स्थित श्री खाटू श्याम धाम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़, भजन-कीर्तन से गूंजा धाम

“समर्पण और कौशल से ही मिलती है सफलता” : मुख्यमंत्री

21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखण्ड का दशक बनाने का संकल्प

मोनाल एक्सप्रेस, विकासनगर (देहरादून)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज विकासनगर, देहरादून स्थित श्री खाटू श्याम धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने बाबा खाटू श्याम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि बाबा खाटू श्याम हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले हैं और जो भी सच्चे मन से उन्हें पुकारता है, बाबा उसकी झोली कृपा से भर देते हैं।

उन्होंने कहा कि बाबा खाटू श्याम के भजन-कीर्तन, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और अन्य धार्मिक आयोजनों में उमड़ती श्रद्धालुओं की अपार भीड़ इस बात का जीवंत प्रमाण है कि बाबा हर हृदय में विराजमान हैं। यह दिव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से वे राज्य के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि जनता के विश्वास और स्नेह को बनाए रखते हुए वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से राज्य की सेवा करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कौशल के साथ समर्पण भी आवश्यक है। यदि हम किसी कार्य को समर्पित भाव से करेंगे तो सफलता निश्चित है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे जीवन में जो कुछ भी होता है, वह भगवान की कृपा से होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने बाबा केदार के धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखण्ड का दशक बताया था, जिस पर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *