विधायक विक्रम सिंह नेगी ने नई टिहरी में प्रतापनगर क्षेत्र के दिव्यांगजनों को विधायक निधि से स्कूटी प्रदान की मोनाल एक्सप्रेस, नई टिहरी/देहरादून। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि समाज में महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक सोच और कर्तव्यबोध होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उनके सशक्तिकरण के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए।
विधायक नेगी नई टिहरी स्थित विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतापनगर क्षेत्र के दिव्यांगजनों को विधायक निधि से स्कूटी वितरण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए कार्य करना उनकी प्राथमिकता में हमेशा शामिल रहा है। आज दिव्यांगजनों को स्कूटी भेंट करते हुए उन्हें विशेष संतुष्टि का अनुभव हो रहा है, क्योंकि यह उनके प्रयासों के साकार होने का प्रमाण है।
विधायक निधि से दिव्यांगजनों को मिली सुविधा
कार्यक्रम में दिव्यांगजन रमेश दत्त कुकरेती, बसंत चंद एवं खेम चंद को स्कूटी वितरित की गई। इस दौरान जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी ने विधायक विक्रम सिंह नेगी का अभिनंदन करते हुए दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कांग्रेस पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत, कांग्रेस नेता शांति प्रसाद भट्ट, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार, विजय गुनसोला, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश राणा, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष आशी रावत, ममता उनियाल, दिनेश पंवार, मुशर्रफ अली, देवेंद्र नौडियाल, अनीता रावत, युवराज चौहान, मोहित रावत, घनश्याम पंवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।