शिक्षक एकता की बड़ी पहल :  देहरादून में दो शिक्षक संगठनों का ऐतिहासिक विलय

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड एवं उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ की संयुक्त बैठक आज दिनांक 4 फरवरी 2026 को श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज, मथुरावाला (देहरादून) में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शिक्षक एकता को मजबूत करना और अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं की साझा भावनाओं को एक मंच पर लाना रहा।

जनपद देहरादून इकाइयों का औपचारिक विलय
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ, जनपद देहरादून का अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, जनपद देहरादून में विधिवत विलय किया जाएगा। यह विलय दोनों संगठनों के जनपदीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में घोषित किया गया।

शिक्षक हितों के लिए मील का पत्थर
विलय पर संरक्षक श्री जय प्रकाश बहुगुणा, प्रांतीय अध्यक्ष श्री संजय बिजल्वाण एवं जिला संरक्षक श्री आर.सी. शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षक हितों की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया।

विलय घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर
इस अवसर पर अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्री अनिल नौटियाल एवं उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्री महावीर सिंह मेहता ने संयुक्त रूप से विलय घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए।

अन्य जनपदों से भी उम्मीद
बैठक में उपस्थित सभी शिक्षकों ने आशा व्यक्त की कि अन्य जनपद भी शिक्षक एकता को मजबूत करने के लिए इसी प्रकार के विलय का अनुसरण करेंगे, जिससे प्रदेशभर में शिक्षकों की आवाज और अधिक सशक्त होगी।

बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
बैठक में प्रांतीय संरक्षक श्री जे.पी. बहुगुणा, प्रांतीय अध्यक्ष श्री संजय बिजल्वाण, प्रांतीय महामंत्री श्री महादेव मैठाणी, जिलाध्यक्ष देहरादून श्री अनिल नौटियाल, आर.सी. शर्मा, दिनेश डोबरियाल, राकेश मोहन डबराल, धनंजय उनियाल, कपूर सिंह पंवार, गिरीश सेमवाल, कमलेश गौड़, सुरेंद्र सहगल, राजेंद्र गुवाड़ी, राघवेंद्र प्रताप, मनमोहन मठपाल, नितिन रॉक्सवैल, नरेश कोटनाला, रंजन वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *