राजकीय पॉलिटेक्निक बझेलीखाल के छात्रों ने सीएचसी देवप्रयाग का दौरा कर व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया

मोनाल एक्सप्रेस, टिहरी गढ़वाल। राजकीय पॉलिटेक्निक बझेलीखाल (Government Polytechnic Bachelikhal) के फार्मेसी विभाग के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को एक दिवसीय औद्योगिक एवं स्वास्थ्य केंद्र भ्रमण के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यस्थल से जोड़ना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवप्रयाग का दौरा किया। यहां छात्रों को अस्पताल की कार्यप्रणाली, दवा वितरण प्रणाली (डिस्पेंसरी), तथा मरीजों की देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की प्रत्यक्ष जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को ‘आयुष विंग’ और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।

इसके अतिरिक्त, छात्रों ने नगर पालिका परिषद देवप्रयाग के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन निस्तारण स्थल का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें बायो-मेडिकल वेस्ट और ठोस कचरा प्रबंधन की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। फार्मेसी के क्षेत्र में अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व को देखते हुए यह अनुभव विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक रहा।

इस शैक्षणिक भ्रमण में संस्थान की प्रधानाचार्या नर्मदा सिंह सहित अर्पित शर्मा, अविनाश पंवार और प्रशांत जोशी उपस्थित रहे। शिक्षकों ने ऐसे भ्रमणों को विद्यार्थियों के समग्र व्यावसायिक विकास के लिए आवश्यक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *