ऋषिकेश में नकबजनी का खुलासा: 36 घंटे में दून पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो आरोपी गिरफ्तार

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह के नेतृत्व में दून पुलिस ने अपराधियों के हौसले पस्त करते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का मात्र 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 2 लाख 26 हजार रुपये से अधिक की नगदी बरामद की है।

दुकान का ताला तोड़कर की थी चोरी

कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के चन्द्रेश्वर नगर निवासी विजय कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 14 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दयानंद मार्ग स्थित दुकान का शटर तोड़कर भीतर लॉकर में रखी नकदी चोरी कर ली। इस मामले में कोतवाली ऋषिकेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 16 जनवरी को धोबीघाट के पास चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोका गया। भागने के प्रयास में दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

इलेक्ट्रीशियन बनकर करते थे रेकी

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मुकेश उर्फ मुक्की और अमर उर्फ पर्रा बताए। तलाशी में उनके पास से कुल 2,26,000 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपियों ने कबूल किया कि वे इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं, नशे के आदी हैं और काम के बहाने अलग-अलग जगहों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

बरामदगी और कार्रवाई

पुलिस ने चोरी की नगदी के साथ एक मोबाइल फोन, नकब लगाने का औजार (पेचकस) और घटना में प्रयुक्त स्कूटी को सीज किया है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *