मुख्यमंत्री धामी ने कुमाऊँ आयुक्त को दी निष्पक्ष व पारदर्शी जांच की जिम्मेदारी
देहरादून। ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर निवासी एक किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने के गंभीर प्रकरण को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत संवेदनशीलता से लिया है। मुख्यमंत्री ने कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत को मामले की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश देते हुए कहा है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों व परिस्थितियों की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन एवं पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से भी पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाए तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।