राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ

गांधी पार्क देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद को नमन, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाएं सम्मानित

युवाओं से नशे से दूर रहने और वोकल फॉर लोकल को जन आंदोलन बनाने का आह्वान

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक रुको मत” देश की मजबूत नींव के लिए युवाओं को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

मुख्यमंत्री ने वोकल फॉर लोकल के संदेश को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्टार्टअप, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों को सबको मिलकर आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अनुशासन अपनाने, शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान देने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करने का विशेष आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, भाजपा के संगठन मंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी पदाधिकारी एवं भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *