जनता दरबार में 45 शिकायतें दर्ज, डीएम नितिका खण्डेलवाल ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

नई टिहरी। प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। जनता दरबार में कुल 45 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, सड़क, मुआवजा सहित अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे।

ग्राम डिबनू निवासी संजय चौहान, अमित चौहान एवं जयपाल चौहान ने रायवाला (प्रतितनगर) में पात्रता के आधार पर आवंटित आवासीय भूखण्ड संख्या 10, 11 व 12 (प्रत्येक 200 वर्गमीटर) का भुगतान करने के बावजूद अब तक भौतिक कब्जा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर प्रार्थियों को कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।

विकास खण्ड जाखणीधार के ग्राम खिटबड़ी निवासी बद्री प्रसाद मिश्र ने चौंडी–सेमलासू मोटर मार्ग कटान के दौरान अधिग्रहित खेतों का मुआवजा दिलाने की मांग की। वहीं ग्राम सैजी, कैम्प्टी फॉल निवासी अभिषेक रावत ने लखवाड़ बांध परियोजना के तहत अधिग्रहित भूमि के प्रतिकर के लिए निरीक्षण प्रपत्र में नाम जोड़ने की मांग रखी। इन दोनों मामलों में जिलाधिकारी ने विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी (एसएलओ) को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

विकास खण्ड थौलधार के ग्राम रमोलसारी निवासी कमल सिंह चौहान ने बताया कि गांव का पेयजल स्रोत स्लाइडिंग जोन में होने के कारण पानी की आपूर्ति बाधित है, जिससे गांव में गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने जल निगम चंबा को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम कठुली के ग्रामीणों द्वारा गांव में पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायत पर जल संस्थान टिहरी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रतापनगर के ग्राम मुखमाल निवासी रमेश चंद्र राणा ने गत वर्षा काल में क्षतिग्रस्त सिंचाई गूलों को दैवी आपदा मद में ठीक कराए जाने की मांग रखी। ग्राम दड़क (जौनपुर) के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जांदराखाल–दड़क मोटर मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग की। इसके अलावा विकास खण्ड थौलधार के ग्राम मरोड़ा निवासी इन्द्रदत्त रतूड़ी ने लीज की भूमि पर मकान निर्माण की अनुमति मांगी। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

  • जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एसडीएम प्रतापनगर स्नेहिल, सीओ ओशिन जोशी, एसडीएम टिहरी संदीप कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *