:- बिहार के क्रिकेट सितारे ने रचा इतिहास, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखेगा बल्ले का दम
देहरादून। बिहार के उभरते क्रिकेट स्टार Vaibhav Sooryavanshi को भारतीय सीनियर टी20 टीम में जगह मिल गई है। महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 श्रृंखला के लिए टीम इंडिया में चुना गया है। उन्हें भारतीय टीम की प्रतिष्ठित जर्सी नंबर-3 भी सौंपी गई है। चयन के साथ ही वैभव भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय डेब्यू खिलाड़ियों में शामिल होने की दहलीज पर पहुंच गए हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले दो वर्षों में घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और जूनियर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्होंने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। आईपीएल 2026 में उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की और सबसे युवा ऑरेंज कैप विजेता बने।
हाल ही में भारत ‘ए’ की ओर से खेलते हुए उन्होंने श्रीलंका ‘ए’ के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया।
वैभव ने टीम इंडिया की जर्सी मिलने पर इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सपना पूरा होने जैसा बताया। युवा बल्लेबाज की इस उपलब्धि से बिहार सहित पूरे देश में उत्साह का माहौल है।
वैभव सूर्यवंशी की बड़ी उपलब्धियां :-
– 15 साल की उम्र में टीम इंडिया में चयन
– आईपीएल इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी और शतकवीर
– आईपीएल 2026 में 776 रन, ऑरेंज कैप और MVP अवॉर्ड
– एक सीजन में 72 छक्के लगाकर रिकॉर्ड कायम
– लिस्ट-ए क्रिकेट में 11 गेंदों में सबसे तेज अर्धशतक
– अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के स्टार खिलाड़ी
– प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित
………………………………………………………..
“कभी-कभी जिंदगी में ऐसी चीजें हो जाती हैं, जिनकी आपने कल्पना भी नहीं की होती। टीम इंडिया की जर्सी पहनना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है।” — वैभव सूर्यवंशी